टनकपुर (चंपावत)। स्व. कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए इंटर स्टेडियम फुटबाल लीग के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में टनकपुर वॉरियर ने खिताबी जीत दर्ज की है। टनकपुर स्पोर्टिंग के खिलाफ कड़े मुकाबले के बाद टनकपुर वॉरियर ने पेनल्टी शूटआउट में बाजी मारकर ट्रॉफी अपने नाम की।
फाइनल मुकाबला टनकपुर वॉरियर और टनकपुर स्पोर्टिंग के बीच खेला गया। पहले हाफ में टनकपुर वॉरियर ने एक गोल की बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में टनकपुर स्पोर्टिंग ने गोल कर एक-एक गोल की बराबरी कर ली। मैच के अंत तक दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया। मैच एक-एक की बराबरी पर छूटा। निर्णय के लिए पेनल्टी शूटआइट का सहारा लिया गया।
पेनल्टी शूटआइट में टनकपुर वॉरियर ने 4-3 से मैच जीत लिया। मुख्य अतिथि भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मुकेश जोशी ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
फुटबाल कोच गौरव खोलिया ने बताया कि ओलंपिक दिवस पखवाड़े के तहत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें चार टीमों ने प्रतिभाग किया। यहां पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजू, टनकपुर मंडल मंत्री नितिन डांगी, जिला मीडिया प्रभारी रवि पाटनी, योगेश भंडारी, जिला कार्यकारिणी सदस्य पवन पंत रहे। मैच के रेफरी पवन पाटनी, लाइन मैन सौरभ और शुभम आदि थे।