फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: बगैर प्रतिस्थानी डॉक्टरों के तबादले से बिगड़ी व्यवस्थाएं

Sat, 25 Jul 2026 10:37 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। सीमांत जिले के अस्पतालों में पहले से ही चिकित्सकों की कमी बनी हुई थी और अब बिना प्रतिस्थानी के पांच डॉक्टरों के तबादलों ने स्वास्थ्य विभाग और आम जनता की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। डॉक्टरों के अचानक हटने से अस्पतालों में रिक्तियों का संकट गहरा गया है जिसकी सीधी मार इलाज के लिए भटक रहे मरीजों को सहनी पड़ रही है।
विज्ञापन

सीमांत जिले के अस्पतालों से बीते दिनों नौ डॉक्टरों का स्थानांतरण हुआ। विभाग ने इनमें से पांच डॉक्टरों को बगैर प्रतिस्थानी कार्यमुक्त कर दिया। सीमांत जिले में पहले से ही चिकित्सकों के 74 पद रिक्त हैं। इनकी कमी को देखते हुए विभाग ने पूर्व में स्थानांतरण पर बगैर प्रतिस्थानी डॉक्टरों को कार्यमुक्त न करने का फैसला लिया था।
बीते दिनों हुए स्थानांतरण में यह फैसला हवाई साबित हो गया। विभाग को तबादलों के सापेक्ष सिर्फ चार डॉक्टर मिले। पांच डॉक्टरों की जगह नई तैनाती न होने से इसका असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है।
विज्ञापन


महिला रोग विशेषज्ञ भी नहीं आईं तैनाती लेने
बीते 10 जुलाई को सीमांत जिले में एक महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के शासन स्तर पर आदेश जारी हुआ। महिला रोग विशेषज्ञ की धारचूला सीएचसी में तैनाती होनी थी। उम्मीद थी कि चीन और नेपाल सीमा पर संचालित दूरस्थ क्षेत्र के सीएचसी में महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती होने से क्षेत्र की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। विशेषज्ञ के तैनाती नहीं लेने से यह उम्मीद अधूरी रह गई।

रेडियोलॉजिस्ट ने भी पहाड़ चढ़ने से मना किया
सीमांत जिले के किसी भी अस्पताल में अब तक स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं है। जिला अस्पताल में सामान्य चिकित्सक को छह महीने का रेडियोलॉजी का प्रशिक्षण देकर जिले भर के मरीजों और गर्भवतियों का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है। बीते दिनों शासन स्तर पर जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के आदेश जारी हुए। हैरानी है कि रेडियोलॉजिस्ट ने पहाड़ चढ़ने से मना कर दिया और अब तक वह तैनाती लेने नहीं पहुंचे। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इसकी उम्मीद भी कम ही है।

........................
बीते दिनों कुछ डॉक्टरों के तबादले हुए तो कुछ नए भी मिले हैं। महिला रोग विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट ने अब तक तैनाती नहीं ली है। विशेषज्ञों और सामान्य चिकित्सकों की कमी को दूर करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। -डॉ. जेएस चुफाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें