मृतक व्यापारी रणवीर सत्याल का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
यहां के युवा व्यापारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। देर शाम तक पुलिस क्षेत्राधिकारी शेखर सुयाल इस मामले की छानबीन के लिए थल थाने में डटे रहे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थल में सौंदर्य प्रसाधन की दुकान चलाने वाले रणवीर सिंह सत्याल उर्फ टीटू (42) पुत्र लाल सिंह सत्याल शनिवार शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ नौलड़ा के पास एक गांव में किसी के घर पर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए थे, लेकिन रात में सूचना मिली कि उनका शव खाई में पड़ा है। थल थाने के प्रभारी पीआर आगरी, नाचनी थाने के प्रभारी सुनील बिष्ट ने रात में खाई से किसी तरह शव को निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रख दिया। मृतक की पत्नी सीमा सत्याल सामान लेने के लिए हल्द्वानी गई थी, जबकि छोटा भाई प्रताप सिंह और मां अनुली देवी कानपुर थे।
इन तीनों के आने तक पुलिस ने इंतजार किया और पोस्टमार्टम नहीं होने दिया। पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ से आई डॉक्टरों की टीम शाम को लौट गई। सीओ शेखर सुयाल ने मृतक की पत्नी, भाई और माता के आने तक शव को सुरक्षित रखने को कहा। रविवार देर शाम यह तीनों और मृतक के ससुर भूपाल सिंह थाने में पहुंचे और उन्होंने हत्या की आशंका जताई। सीओ इससे पहले मृतक के साथ गए दो युवकों को घटनास्थल तक ले गए। साथ गए कुछ युवाओं से पूरे घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ भी की।
बताया गया कि मृतक के सिर, दोनों हाथों और कमर में गंभीर चोट है। घटनास्थल नाचनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण जांच की जिम्मेदारी नाचनी थाना पुलिस को दी गई है। देर शाम तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई। सीओ ने बताया कि इस मामले की गहन छानबीन की जाएगी। पुलिस ने रविवार शाम करीब सात बजे शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेज दिया है। वहीं, व्यापारी की आकस्मिक मौत से रविवार को थल के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान शोक में बंद रहे।