चौबाटी से चिटगलगांव तक सड़क निर्माण के लिए सर्वे करते लोनिवि के कर्मी। संवाद
- फोटो : Samvad
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। चौबाटी से चिटगलगांव तक सड़क निर्माण के लिए सर्वे शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी है। लोगों का कहना है कि अब उनके गांव भी सड़क से जुड़ेंगे। उम्मीद है कि सड़क बनने के बाद पलायन पर भी अंकुश लगेगा।
गैराड़, मेलकुड़ा, गरपति, सौगांव, चिटगालगांव, तरखेत गांव, भाटी गांव, कन्युरी, नई बस्ती और कांडा गांव तक सड़क न होने से ग्रामीण खासी परेशानी झेल रहे हैं। हालात यह हैं कि सड़क न होने से इन गांवों से लगातार पलायन हो रहा है। बीमारों और गर्भवतियों को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना ग्रामीणों की मजबूरी बना हुआ है। अब इन गांवों तक सड़क पहुंचने की उम्मीद जगी है।
ऐसा इसलिए कि चौबाटी से चिटगलगांव तक सड़क निर्माण के लिए सर्वे शुरू हो गया है। लोनिवि के ईई आशुतोष ने कहा कि जल्द सर्वे पूरा कर आगे की कार्यवाही की जाएगी। वहीं सड़क बनने से इन गांवों में विकास के द्वार भी खुलेंगे। गांवों में खूब सब्जी उत्पादन होता है। सड़क न होने से इन उत्पादों को किसान बाजार नहीं पहुंचा पा रहे हैं। सड़क बनने के बाद किसानों के उत्पादों को उचित बाजार मिलेगा। रोजगार के द्वार खुलेंगे तो गांवों से पलायन भी रुकेगा।
फोटो-29 पीटीएच 12 पी-चौबाटी से चिटगलगांव तक सड़क निर्माण के लिए सर्वे करते लोनिवि के कर्मी। संवाद