पिथौरागढ़। जिले में बीमारियों का प्रकोप फिर बढ़ गया है। जिला अस्पताल में दो दिन में ओपीडी 40 फीसदी से अधिक बढ़कर एक हजार के पार पहुंच गई है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी में मरीजों की भारी भीड़ देखी गई। मुनस्यारी, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट और मूनाकोट जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें से अधिकतर टायफाइड, निमोनिया, डायरिया और वायरल से पीड़ित थे।
पिछले एक सप्ताह से अस्पताल की ओपीडी औसतन 700 के करीब थी। सोमवार को यह संख्या एक हजार से अधिक हो गई। चिकित्सकों के अनुसार, वायरल और डायरिया के बढ़ते प्रकोप के कारण यह वृद्धि हुई है। यह समस्या छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को प्रभावित कर रही है। सोमवार को 120 बेड की क्षमता के मुकाबले 169 मरीजों को भर्ती करना पड़ा।
-
मरीज को इलाज कराने के लिए करना पड़ा इंतजार
जिला अस्पताल में एक ईएनटी सर्जन के अवकाश में होने से दूसरे सर्जन को ऑपरेशन के साथ ओपीडी देखनी पड़ी। उन्हें जरूरी ऑपरेशन के लिए ओपीडी बंद करनी पड़ी इससे मरीज बेहाल रहे। उन्हें इलाज के लिए ईएनटी सर्जन का घंटों इंतजार करना पड़ा।
फिर से अस्पताल में ओपीडी बढ़ गई है। अधिकांश मरीज वायरल और डायरिया से पीड़ित हैं। दबाव बढ़ने से मरीजों को भर्ती करने के लिए बेड कम पड़ने लगे हैं। लोगों को अपनी सेहत के प्रति सतर्क रहना चाहिए।
-डॉ. डीपी सिंह, पीएमएस, जिला अस्पताल, पिथौरागढ़