डीडीहाट (पिथौरागढ़)। रामलीला मैदान में मंगलवार को स्व. प्रेम सिंह टोलिया और स्व. माधो सिंह जंगपांगी मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता का रोमांचक आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबले काफी दिलचस्प रहे।
दिन का पहला मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा। इसमें जेएमएस डीडीहाट ने वर्मा एफसी मुनस्यारी को 7-1 के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। जेएमएस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार गोल दागे। मुनस्यारी की टीम ने स्कोर पाटने के कई प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
दूसरा मुकाबला भी कमोबेश ऐसा ही रहा, जहां एमबीएफसी मुनस्यारी ने डीडीहाट स्ट्राइकर को 6-1 गोल से हराया। वहीं, तीसरे और अंतिम मुकाबले में हल्द्वानी स्ट्राइकर ने शानदार खेल दिखाते हुए डीडीहाट हंटर्स को 6-1 गोल के अंतर से पराजित किया।
मैच का संचालन रेफरी नंदन सिंह चुफाल ने किया। लाइनमैन की भूमिका बबलू पंचपाल और जग्गू ने निभाई। स्कोरर की जिम्मेदारी चेतन शर्मा और पवन वर्मा ने संभाली। मैच का आंखों देखा हाल सौरभ शाह ने अपनी कमेंट्री से सुनाया। यहां मैदान पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद थे।