आश्वासन के बावजूद शिक्षकों की तैनाती नहीं होने से नाराज राइंका राईआगर के सैकड़ों छात्र और अभिभावक मंगलवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने राईआगर से बेड़ीनाग तहसील मुख्यालय तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में तालाबंदी कर दी।
मंगलवार को राईआगर के छात्र-छात्राओं ने अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष नवीन आगरी के नेतृत्व में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों को कक्षों से बाहर कर ताले ठोक दिए। छात्रों ने कहा कि इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य सहित प्रवक्ताओं और सहायक शिक्षकों के एक दर्जन से अधिक पद रिक्त पड़े हैं। आरोप लगाया कि 27 सितंबर को शिक्षकों की तैनाती को लेकर जाम लगाया था। इस पर खंड शिक्षाधिकारी ने 15 दिन में मुख्य विषयों में शिक्षकों की तैनाती का भरोसा दिलाया था।
इसके बाद एसडीएम को 19 नवंबर को ज्ञापन दिया गया था। बावजूद अब तक उनकी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। एसडीएम तुषार सैनी ने शिक्षकों की तैनाती शीघ्र कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में नवीन आगरी, ग्राम प्रधान दरपान राम, हयात भंडारी, नरेंद्र सिंह, भीम राम, तिलराम, गणेश राम, राम सिंह आदि शामिल थे।
इंटर कॉलेज में यह पद हैं रिक्त
प्रधानाचार्य, प्रवक्ता भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, हिंदी, अर्थशास्त्र, राजनीतिक शास्त्र, एलटी में हिंदी, अंग्रेजी, कला और सामान्य विज्ञान। एक अंग्रेजी विषय की शिक्षिका दो साल से अवैतनिक अवकाश पर है। इसके अलावा अनुसेवक के पद भी रिक्त हैं।