पिथौरागढ़ में राज्य सरकार का पुतला दहन करते छात्र
- फोटो : अमर उजाला
25 नवंबर को होने वाली निजी सचिव, सहायक समीक्षा अधिकारी और कंप्यूटर डाटा एंट्री ऑपरेटर की परीक्षाओं का केंद्र पिथौरागढ़ में नहीं बनाने से परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं भड़क गए। उन्होंने राज्य सरकार का पुतला फूंककर आक्रोश जताया।
बृहस्पतिवार को छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश जोशी के नेतृत्व में अपटेक तिराहे पर पुतला फूंका गया। छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश जोशी ने कहा कि समूह ग के अंतर्गत 25 नवंबर को होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का केंद्र पिथौरागढ़ को नहीं बनाने से सीमांत के छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय किया गया है। कहा कि पिथौरागढ़ में हर साल दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आकर छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।
परीक्षाओं के लिए दूसरे जिलों में जाने से गरीब छात्रों पर अधिक आर्थिक बोझ पड़ेगा। छात्र नेता विरेंद्र कन्याल ने कहा कि राज्य सरकार ने यदि परीक्षाओं के संबंध में कोई उचित निर्णय नहीं लिया तो सभी युवाओं को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में सोनू सामंत, कोषाध्यक्ष रमेश बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष जगदीश धामी, वीरेंद्र गिरी, महेंद्र रावत आदि शामिल थे।