बेड़ीनाग में प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते छात्र- छात्राएं। संवाद
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की ओर से स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर और द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा तिथि घोषित करने पर राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने अधूरे कोर्स में परीक्षा कराए जाने पर आपत्ति जताते हुए तिथि में संशोधन करने की मांग की है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएन भट्ट के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से अभी तक पूर्व में की गई परीक्षा का परिणाम घोषित किए बिना ही एमएससी, एमए की नई परीक्षा तिथि कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। कहा कि किसी भी सेमेस्टर को पूरा कराने के लिए छह माह का समय दिया जाता है। बावजूद इसके विश्वविद्यालय की ओर से दूसरे माह में ही परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है जो कि नियमों के विरुद्ध है।
कहा कि लोकसभा चुनाव के चलते कक्षाओं का संचालन भी सुचारु रूप से नहीं हो पा रहा है। इस कारण उनकी पढ़ाई पूरी नहीं हो सकी है। छात्र-छात्राओं ने सेमेस्टर समयावधि पूर्ण होने के बाद ही परीक्षा कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में हिमांशु जोशी, मंजूषा पंत, रश्मि कार्की, पीयूष पंत, प्रिया, तनुजा, सुरेखा, अभिषेक कुमार आदि शामिल रहे। संवाद