पिथौरागढ़। जनपद के सभी महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हुई। पहले दिन विभिन्न महाविद्यालयों में कुल 81 नामांकन पत्र बिके। सभी महाविद्यालयों में 29 सितंबर को मतदान होगा।
एलएसएम महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के सात पदों के लिए पहले दिन 38 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे। इनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, महासचिव, उपसचिव, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और कोषाध्यक्ष पद शामिल हैं। नामांकन पत्रों की बिक्री सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक की गई।
राजकीय महाविद्यालय मुवानी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष (छात्र), संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए पांच दावेदारों ने पत्र लिए। यहां बिक्री दोपहर तीन बजे तक हुई।
राजकीय महाविद्यालय बलुवाकोट में मुख्य निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार तिवारी ने बताया कि सात पदों के लिए 26 नामांकन पत्र बिके। गंगोलीहाट महाविद्यालय में उपाध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य पदों पर 12 नामांकन पत्र बिके। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
मुनस्यारी महाविद्यालय के मुख्य चुनाव अधिकारी अमित कुमार टम्टा और गंगोलीहाट महाविद्यालय की चुनाव अधिकारी हेमा मेहरा ने दावेदारों को लिंगदोह समिति के बिंदुओं की जानकारी दी। यह जानकारी चुनाव प्रक्रिया के नियमों और दिशा निर्देशों से संबंधित थी। इसका उद्देश्य निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करना है।
आज भी दावेदार ले सकेंगे नामांकन पपत्र
एलएसएम परिसर निदेशक डॉ. हेमचंद पांडे ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार नामांकन प्रपत्र ले सकेंगे। 25 और 26 सितंबर को उम्मीदवार अपना नामांकन कराएंगे। 26 सितंबर को ही नाम वापसी की जा सकेगी। इसी दौरान नामांकन पत्रों की जांच होगी। 29 सितंबर को मतदान, मतगणना होगी और विजयी प्रत्याशी शपथ लेंगे।
चंपावत और बनबसा में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियां तेज, अधिसूचना कल होगी जारी
चंपावत/बनबसा। जिले के एसएसजे परिसर चंपावत और बनबसा राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बनबसा महाविद्यालय में बुधवार, 23 सितंबर को चुनाव अधिसूचना जारी कर दी गई है, जहां आठ पदों के लिए 29 सितंबर को मतदान होगा। वहीं, एसएसजे परिसर चंपावत में चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना गुरुवार, 24 सितंबर को जारी की जाएगी।
एसएसजे परिसर चंपावत में अध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन किया। बुधवार को निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने जीआईसी से जुलूस निकाला। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। एक दिन पहले, एबीवीपी ने अध्यक्ष पद सहित अन्य छात्रसंघ पदों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी।
प्रत्याशियों की घोषणा के बाद परिसर में चुनाव प्रचार अभियान तेज हो गया है। प्रत्याशी छात्र-छात्राओं से संपर्क कर समर्थन जुटा रहे हैं। शक्ति प्रदर्शन में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विकास चौधरी, मनीष महर, संगीता, अंजलि, पार्वती, प्रकाश सिंह और कमल सिंह मौजूद थे। उनके साथ अन्य समर्थक भी थे। जुलूस के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम भी लगा।
एसएसजे परिसर चंपावत में आगे की प्रक्रिया
एसएसजे परिसर चंपावत में छात्रसंघ चुनाव के लिए आधिकारिक अधिसूचना गुरुवार, 24 सितंबर को जारी की जाएगी। इसके लिए कैंपस प्रबंधन ने गुरुवार को सुबह 11:30 बजे संभावित प्रत्याशियों के साथ एक बैठक रखी है। अधिसूचना जारी होने के बाद चुनाव प्रचार और तेज होने की उम्मीद है।
बनबसा महाविद्यालय का चुनाव कार्यक्रम
बनबसा राजकीय महाविद्यालय में आठ पदों के लिए चुनाव 29 सितंबर को होंगे। यह चुनाव लिंगदोह समिति की संस्तुति और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के निर्देशों पर आधारित होंगे। प्राचार्य आनंद प्रकाश सिंह के अनुसार, नामांकन पत्रों की बिक्री गुरुवार, 24 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होगी। नामांकन 25 सितंबर को, जबकि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी 26 सितंबर को होगी। मतदान 29 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा, जिसके बाद मतगणना और परिणाम घोषणा की जाएगी। कमलेश सक्टा को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।