फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सख्ती से कराएं आचार संहिता का अनुपालन : प्रेक्षक

Mon, 20 Jan 2025 11:40 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। नगर निगम निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रेक्षक मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी देहरादून तीर्थपाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन में सभी को निष्पक्ष रहकर कार्य करना है।
विज्ञापन

उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मतदान, मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। मतदान केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। 22 जनवरी को सभी मतदान पार्टियां जिला मुख्यालय से ही मतदेय स्थलों के लिए प्रस्थान करेंगी। इसके लिए वाहनों की व्यवस्था कर ली है।
प्रेक्षक ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव आचार संहिता का अनुपालन सख्ती से कराने के निर्देश दिए। कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी सभी की है। सभी अधिकारी आपस में तालमेल बनाकर कार्य करें।
विज्ञापन

उन्होंने शीतलहर को देखते हुए मतदान के लिए तैनात कर्मचारियों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त मात्रा में बिस्तर, अलाव के साथ ही भोजन, शौचालय, बिजली, गर्म पानी, टेंट, सफाई आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिले में मतदान को बनाए 53 बूथ
पिथौरागढ़। उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र सिंह ने प्रेक्षक को मतदान और मतगणना के संबंध में की गई तैयारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में दो जोन के पांच सेक्टर में कुल 53 बूथों में निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न होगी। सभी बूथों की मतगणना के लिए कुल 14 टेबल में चार चक्र में मतगणना संपन्न होगी।

23 जनवरी को सवेतन अवकाश घोषित
चंपावत। नगर निकाय चुनाव में 23 जनवरी मतदान के दिन सवेतन अवकाश घोषित किया गया है। डीएम नवनीत पांडे बताया कि स्थानीय निकाय निर्वाचन में मतदान दिवस पर स्थानीय निकायों के क्षेत्र अंतर्गत निवास करने वाले समस्त राजकीय कार्यालय, शैक्षणिक संस्थानों, अर्द्ध-निकायों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कार्मिकों, कारीगरों और मजदूरों के लिए मतदान दिवस 23 जनवरी बृहस्पतिवार को सवेतन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि 23 जनवरी को निर्वाचन क्षेत्र में पड़ने वाले कोषागार और उपकोषागार भी बंद रहेंगे। जनपद के समस्त नगर निकाय क्षेत्रांतर्गत आने वाले विभागाध्यक्षों, कार्यालय अध्यक्षों को सवेतन सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के लिए निर्देशित किया है।



डीएम, एसपी ने धारचूला में स्ट्रांग रूम का लिया जायजा

धारचूला/डीडीहाट (पिथौरागढ़)। मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को लेकर डीएम विनोद गोस्वामी और एसपी रेखा यादव ने पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर काॅलेज धारचूला में बने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम मंजीत सिंह को व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं डीडीहाट में भी स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान स्ट्रांग रूम के शांति और सुरक्षा के इंतजामों को देखा। इस मौके पर एसडीएम खुशबू पांडेय आदि मौजूद रहीं।



डाक मत पत्रों के आने भी सिलसिला शुरू
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में निकाय चुनाव में डाक मत पत्र आने शुरू हो गए हैं। प्रभारी अधिकारी और अर्थ एवं संख्याधिकारी निरंजन प्रसाद ने बताया कि नगर निगम सहित जिले की पांच निकायों में मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 60 मतदाताओं और सदस्यों के लिए 56 मतदाताओं ने आवेदन किया था। इनमें से पिथौरागढ़ नगर निगम में मेयर पद पर 56 जबकि सदस्य के लिए 52 पोस्टल बैलेट जारी किए गए थे। इनमें से 22 पोस्टल बैलेट के लिफाफे वापस मिले हैं।

नगर पालिका धारचूला से एक आवेदन मिला था। जांच में यह आवेदन निरस्त हो गया। इसके बाद आरओ की ओर से पोस्टल बैलेट जारी नहीं किया गया। डीडीहाट से अध्यक्ष और सभासद पद पर आठ-आठ आवेदन, गंगोलीहाट से एक-एक, बेड़ीनाग से छह-छह, मुनस्यारी से चार-चार मतदाताओं ने आवेदन किए थे। इन निकायों से अभी पोस्टल बैलेट वापस नहीं मिले हैं।

चंपावत में पोस्टल बैलेट के लिए किया आवेदन
चंपावत। जिले में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन किया। जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत पांडे ने बताया कि नगर पालिका परिषद चंपावत में अध्यक्ष पद के लिए 15 और सभासद पद के लिए 12 ने पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन किया।
नगर पालिका परिषद लोहाघाट में नगर अध्यक्ष पद के लिए और और सभासद के लिए आठ ने आवेदन किया। नगर पालिका परिषद टनकपुर में नगर अध्यक्ष पद के लिए 16 और सभासद के लिए 16 और नगर पंचायत बनबसा में नगर अध्यक्ष पद के लिए तीन और सभासद पद के लिए तीन ने पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभी तक नगर अध्यक्ष और सभासद पद के लिए पोस्टल बैलेट जमा नहीं किए गए हैं और मतदाताओं से वापस प्राप्त पोस्टल बैलेटों के लिफाफों की संख्या शून्य है।



जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया तैयारियों का जायजा

चंपावत। जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत पांडे ने सोमवार को गौरलचौड़ में बनाए गए स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल चंपावत, मतदान पार्टी प्रस्थान स्थल का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्मिकों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि 23 जनवरी को मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों को नगर निकाय क्षेत्र के लिए निर्धारित स्ट्रांग रूम में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में रखा जाएगा। इसके लिए तीन निर्धारित स्थलों में स्ट्रांग रूम, मतगणना के लिए बनाए हैं। पालिका चंपावत के लिए गोरल चौड़ स्थित वन पंचायत हॉल में स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल बनाया गया है।
पालिका लोहाघाट में वन पंचायत भवन और पालिका टनकपुर, नगर पंचायत बनबसा के लिए स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल डिग्री कॉलेज भवन टनकपुर को बनाया है। उन्होंने मतगणना दिवस पर बैरिकेडिंग समेत सभी व्यवस्थाओं के लिए अधिशासी अधिकारी नगर निकाय अशोक कुमार वर्मा को आवश्यक निर्देश दिए। लोनिवि के सहायक अभियंता डीसी कांडपाल ने बताया कि स्ट्रांग रूम तैयार है। इस दौरान अपर सहायक अभियंता प्रकाश चंद्र, जीएम डीआईसी अमित भाकुनी रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें