स्वच्छता अभियान को लेकर बैठक लेते डीएम डा. रंजीत सिन्हा
- फोटो : अमर उजाला
डीएम डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने सरकारी बैठकों, कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सरकारी कार्यालयों में प्लास्टिक की पानी की बोतलों के प्रयोग करने पर रोक लगा दी है। डीएम ने पिथौरागढ़ नगर को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए 11 दिसंबर से सफाई अभियान शुरू करने का एलान किया है।
डीएम ने अधिकारियों की बैठक में कहा कि सरकारी कार्यालयों में आरओ, वाटर फिल्टर का प्रयोग किया जाएगा, शीशे या पेपर गिलास में पानी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रविवार को सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगरपालिका के सफाई कर्मी मौके पर आकर कूड़ा एकत्र करेंगे। डीएम ने कहा जिस अधिकारी, कर्मचारी के आवास परिसर में गंदगी पाई जाएगी, उसका आवास आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा। डीएम ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी खीमानंद जोशी को हॉटमिक्स की सड़कों पर रखे गए कूड़ेदानों को एक सप्ताह के भीतर हटाने, सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों को सीसीटीवी की मदद से चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, मोहल्ला स्वच्छता समितियों को सक्रिय करने, नालियों की सफाई, सीवर ट्रीटमेंट प्लान का निर्माण शीघ्र करने, साफ पानी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर संतोष कुमार पांडेय और नगरपालिका के ईओ खीमानंद जोशी को नगर में पॉलिथीन का प्रयोग पूर्ण रूप से बंद कराने का भी निर्देश दिया तथा पॉलिथीन का प्रयोग करने वाले दुकानदारों के साथ ही ग्राहकों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा।