मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर मुनस्यारी में प्रदर्शन करते भाजपाई
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा नेता जगत मर्तोलिया के साथ हुई मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को कार्यकर्ताओं ने यहां प्रदर्शन किया। कहा कि पुलिस प्रशासन दबाव में आकर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जबकि मारपीट की घटना में जो लोग लिप्त रहे हैं, उसके सारे प्रमाण भाजपा ने पहले ही जुटाकर सुरक्षित रखे हैं।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि मारपीट की घटना की रिपोर्ट तीन दिसंबर को ही एसपी को दे दी गई थी, लेकिन उन्होंने अब तक किसी से भी पूछताछ नहीं की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा और भय का माहौल है। बाद में तहसीलदार के माध्यम से डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा गया कि यदि 10 दिसंबर तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई तो 11 दिसंबर से व्यापक आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रयाग सिंह पालीवाल के नेतृत्व में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने मर्तोलिया के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता बसंती जोशी, केएमवीएन के पूर्व अध्यक्ष रुद्र सिंह पंडा, उषापति द्विवेदी, नंदन सिंह बाफिला, बबलू लोहनी, मान सिंह भंडारी आदि थे। उधर, धारचूला में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भूपेंद्र थापा, ओपी कापड़ी, हरीश सिंह आदि शामिल थे।