पिथौरागढ़। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है। शनिवार को जिले में 256 लोग जांच में कोरोना संक्रमित मिले। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि 256 लोग पिथौरागढ़, कनालीछीना, मुनस्यारी समेत अन्य ब्लॉकों से हैं।
इसके बाद सक्रिय केस 1504 हो गए हैं। एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हुई तो एक को हायर सेंटर रेफर किया गया। इसके बाद जिले में कोरोना संक्रमण से मौतों का आंकड़ा 97 पहुंच गया है।
109 लोग बेस अस्पताल, 65 जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं। 876 कोरोना पॉजिटिव होम आइसोलेशन और 454 अन्य स्थानों में आइसोलेशन में हैं।
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। क्षेत्र में एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मृत्यु हो गई है। शनिवार को 60 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव को 108 वाहन से इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉ. संदीप ने बताया कि बुजुर्ग की रिपोर्ट 12 मई को कोरोना पॉजिटिव आई थी। बुजुर्ग को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करने को कहा गया था लेकिन परिजन नहीं माने और उन्हें घर ले आए।
शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया। नायब तहसीलदार हिमांशु जोशी ने बताया कि बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कोविड नियम के तहत किया गया।