पिथौरागढ़। कोरोना संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन, सेना, आईटीबीपी और एसएसबी की ओर से आपसी समन्वय और उचित मेडिकल व्यवस्था के संबंध में बैठक हुई। इस दौरान सेना आईटीबीपी और एसएसबी ने कोरोना की रोकथाम के लिए हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
शनिवार को हुई बैठक की अध्यक्षता डीएम आनंद स्वरूप ने की। बैठक में सेना, आईटीबीपी और एसएसबी से आए अधिकारियों ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए पूरा सहयोग देते हुए आपसी सहयोग की बात कही। डीएम ने कहा कि कोरोना संक्रमण के प्रसार और जनहानि को रोकने के लिए हम सभी को कार्य करना होगा।
डीएम ने आईटीबीपी और एसएसबी के अधिकारियों से कहा कि वे बिना लक्षण वाले कोरोना व्यक्तियों के आइसोलेशन की सुविधा अपने परिसर में ही तैयार कर लें। जो पॉजिटिव व्यक्ति गंभीर बीमार हो रहा है उसे बेस चिकित्सालय में भेजें। एसएसबी अपने बीओपी के माध्यम से भी ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को सैंपलिंग और वैक्सीनेशन में सहयोग करे।
सेना के अधिकारियों से कहा कि जिला चिकित्सालय और बेस चिकित्सालय में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट निर्मित होने तक उन्हें ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराने में मदद प्रदान करें। एसपी से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम में वह भी अपने अपने स्तर से जागरूकता अभियान में सहयोग प्रदान करें।
बैठक में 119 ब्रिगेड से आए सेना के अधिकारियों ने कहा कि सेना जिले के दो स्थानों बेड़ीनाग एवं धारचूला में आम जनता के लिए कोविड अस्पताल तैयार कर रही है जिसके लिए भवन चिन्हीकरण कर लिया है।
बैठक में सीडीओ अनुराधा पाल, एडीएम आरडी पालीवाल, 161 सेना चिकित्सालय से कर्नल प्रीति, कर्नल रोहित, कर्नल मनीष, प्रशिक्षु आईएएस पी सासनी, सीएमओ डॉ. एचसी पंत, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज शुक्ला, उप सेनानी आईटीबीपी जाजर देवल रमेश कुमार, निरीक्षण मनीष चंद्र जोशी, सहायक सेनानी एसएसबी 55वीं वाहिनी समीर राना मौजूद रहे।