राज्य स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करती छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड राज्य स्थापना की 18वीं वर्षगांठ पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम हुए। नगरपालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम सी रविशंकर ने दीप जलाकर किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए सभी को संकल्प लेना होगा। डीएम ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं से विशेष रूप से अपील करते हुए अपने भविष्य को सुनहरा बनाने के लिए एक लक्ष्य तय करने को कहा।
इस दौरान कन्या जूनियर मंडप की बालिकाओं ने वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किए। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पिथौरागढ़, ऐंचोली की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर शिक्षा विभाग द्वारा आठ नवंबर को विभिन्न विद्यालयों के मध्य कराए गए क्विज प्रतियोगिता के विजेता विद्यालयों को भी पुरस्कृत किया गया।
क्विज प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज कुंडार को प्रथम स्थान, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऐंचोली को द्वितीय, राजकीय इंटर कॉलेज आठगांव शिलिंग को तृतीय स्थान मिला। कार्यक्रम में एसडीएम सदर एसके पांडेय, मुख्य शिक्षा अधिकारी बीपी सिमल्टी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दीपक कुमार, खंड शिक्षाधिकारी हरीश पांडेय आदि थे। संचालन इंटर कॉलेज के प्रवक्ता भाष्करानंद जोशी ने किया।