मानदेय बढ़ाने आदि मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे आंगनबाड़ी कर्मियों ने सोमवार को पिथौरागढ़ और चंपावत जिले में प्रदर्शन किया।
पिथौरागढ़ में आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष दीपा पांडेय, जिलाध्यक्ष हीरा भट्ट के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कर्मियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इन लोगों का कहना था कि आंगनबाड़ी कर्मियों से नियमित कर्मचारी की भांति काम लिया जाता है लेकिन बात जब मेहनताना देने की आती है तो सरकार मुंह फेर लेती है।
संगठन की प्रदेश अध्यक्ष पांडे ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, मिनी आंगनबाड़ी कर्मी और सहायिका को श्रम कानून के तहत मानदेय देने शत-प्रतिशत तैनाती की मांग सरकार के सामने उठाई जा रही है लेकिन सरकार आश्वासन से आगे नहीं बढ़ पा रही है। संगठन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर दो सूत्रीय मांग को पूरा करने की मांग की है। कहा है कि मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। धरने में ममता पुनेठा, मीना बिष्ट, गीता सामंत, सुनीता पुनेड़ा, गीता पुनेड़ा, दीपा पाटनी, शकुंतला आदि बैठे।