पिथौरागढ़। एसएसबी की 55वीं वाहिनी की ध्यान कंपनी ने मड़सौन गांव में ग्राम समन्वय बैठक आयोजित कर ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित किया। बैठक में ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के साथ ही स्वच्छता और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
कमांडेंट महेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट शिवजी लाल ने ग्रामीणों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के तहत घर, आंगन और सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए एसएसबी जवानों ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, सामाजिक जीवन और आर्थिक स्थिति पर गंभीर प्रतिकूल असर डालता है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
जिमतड़ गांव में किया पौधरोपण
धारचूला। 11वीं वाहिनी एसएसबी डीडीहाट के कमांडेंट डॉ. अतुल कुमार राय के निर्देशन में डी समवाय धारचूला के कंपनी कमांडर चेत राम नेगी और एसएसबी जवानों ने धारचूला देहात की प्रधान नर्मदा रावल के नेतृत्व में जिमतड़ गांव में पौधरोपण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को मानसून के दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सरपंच अनीता सुनाल सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।