सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से सीमांत सीम गांव में सामाजिक चेतना अभियान के तहत एक दिनी शिविर आयोजित किया गया, जिसमें एसएसबी की ओर से ग्रामीणों को सोलर लालटेनों और कृषि उपकरणों का निशुल्क वितरण किया गया। इससे पूर्व सहायक सेनानायक नितिन शर्मा ने शिविर का शुभारंभ करते हुए बताया कि एसएसबी की ओर से सामाजिक चेतना अभियान के साथ ग्रामीणों को सीमा सुरक्षा के प्रति सतर्क करते हुए उनके जीवन की कठिनाइयों को कम करने का प्रयास किया जाता है। समय-समय पर सीमांत गांवों में एसएसबी की ओर से मानव और पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन भी किया जाता है।
शिविर में एसएसबी की ओर से 25 ग्रामीणों और महिलाओं को सोलर लालटेन के अलावा कृषि कार्य में प्रयुक्त होने वाले गेंटी, फावड़ा और स्कूली बच्चों को बैडमिंटन किट भी वितरित किए गए। शिविर के संचालन में बार्डर आउट पोस्ट प्रभारी कृष्णकांत कुमार, गणेश दास, तातग बादी, दिनेश प्रसाद चमोली, उमेद सिंह बडोला, कमल फुलारा, अमन राज, एंथोनी, सुदर्शन, नरेंद्र कुमार, अमित सिंह आदि ने सहयोग दिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, दीपक सिंह, राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।