मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पिथौरागढ़ में नव सृजित स्पोर्ट्स कॉलेज की कक्षाओं का शुभारंभ कराया। सीएम ने नर्सिंग कॉलेज भवन के प्रथम ब्लॉक और जाजरदेवल पुलिस थाने का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में तहसील भवन और घंटाकरण में स्थापित होने वाले टावर क्लॉक के शिलान्यास के साथ ही 121 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। नैनीसैनी हवाई पट्टी के विस्तारीकरण के काम का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई पट्टी से उड़ान शुरू करने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने नवंबर से पिथौरागढ़ में घोषित मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू कराने की घोषणा की। रई और थरकोट में झील बनाने के साथ ही मुख्यमंत्री ने दिसंबर से मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ यात्रा संचालित करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि फुटबाल और बॉक्सिंग में पिथौरागढ़ का अग्रणी स्थान रहा है। उन्होंने वर्षों पहले पिथौरागढ़ में स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना का सपना देखा था। उनके मुख्यमंत्री रहते यहां स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना हुई है, जो सुखद है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पिथौरागढ़ का स्पोर्ट्स कॉलेज राज्य के खिलाड़ियों के लिए लाभकारी साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ के स्टेडियम को अपग्रेट कर दिया है। मुनस्यारी में अत्याधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। सीएम ने कहा पिथौरागढ़ खेलों की धरती रही रही है। स्पोर्ट्स कॉलेज का नाम यहीं के किसी महान खिलाड़ी के नाम पर रखा जाएगा। इसके लिए विधायक मयूख महर और अन्य लोग नाम तय करके उन्हें बता दें।
मुख्यमंत्री ने कहा एशियन गेम्स के रजत पदक विजेता बॉक्सर स्वर्गीय राजेंद्र पुनेड़ा को प्रतिष्ठित पुरस्कार दिलाने के लिए भारत सरकार को संस्तुति की जाएगी। कहा पिथौरागढ़ में शीघ्र बॉक्सिंग की नेशनल प्रतियोगिता कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में आम जनता की समस्याएं भी सुनी। राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक मयूख महर, नारायण राम आर्य, वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलवंत महरा, राज्य विधि आयोग के उपाध्यक्ष रमेश कापड़ी, पूर्व दर्जा मंत्री महेंद्र सिंह लुंठी, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता खीमराज जोशी, प्रदेश प्रवक्ता भुवन पांडे, पालिका सभासद भुवन जोशी, जिला महामंत्री भूरे मियां अंसारी आदि ने विचार रखे। संचालन कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत और जिला महामंत्री प्रदीप थापा ने किया।
हाईकोर्ट और सुप्रीमकोर्ट की वजह से बचा है मुंडा
पूरी तरह इलेक्शन मोड में दिख रहे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हालिया राजनीतिक घटनाक्रम की ओर इशारा करते हुए कहा कि भाजपाई तो उनका मुंडा (सिर) कटवा देना चाहते थे। सिर की ओर हाथ लगाते हुए कहा कि ये मुंडा हाईकोर्ट और सुप्रीमकोर्ट की वजह से सुरक्षित बचा है।
हरक, भगत को लिया निशाने पर
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी को भी निशाने में लिया। कहा कि उन पर आरोप लगाने वाले नेता के पास देहरादून जैसी जगह में 200 बीघा जमीन है। यह जमीन कहां से आई? कहा कि पिथौरागढ़ के एक बड़े नेता (कोश्यारी) कहते हैं कि रावत जमीन सूंघता है। कहा-मैने सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं किया है। न चौकोड़ी और चंडाक की जमीन पर ही मेरा कब्जा है। फिर नाम लेकर बोले भगत दा ही उनकी संपत्ति से अदला-बदली कर लें। इस बात पर लोगों ने खूब ठहाके लगाए।
चोरी मेरे घर से, कहते हैं रावत चोर
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि दल-बदल का खेल खेलने वाली भाजपा ने 10 विधायक चुराकर चोरी उनके घर से की और कहते हैं हरीश रावत चोर है। सीबीआई का मुकदमा ठोक डाला। कहा भाजपाई चाहे कुछ कर लें, उनकी हिम्मत नहीं तोड़ सकते।
भाजपाई सुबह-सुबह लेते हैं उनका नाम
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा के पास कोई रोडमैप नहीं है, जबकि वह पूरा रोडमैप लेकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपाई आजकल इतने खुन्नस में हैं कि सुबह-सुबह माता-पिता, गुरु-देवता का नाम लेने के स्थान पर उनका (हरीश रावत) नाम लेते हैं।
महिला मंगल दलों को मिलेंगे छोटे ठेके
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उनकी सरकार महिला मंगल दलों को सशक्त बनाने का प्रयास कर रही है। महिला मंगल दलों को छोटे-छोटे सरकारी ठेके दिए जाएंगे। इसकी रूपरेखा तय कर ली गई है।
अव्यवस्था का आलम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अव्यवस्था का आलम रहा। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे, लेकिन कांग्रेसियों की मुंह दिखाई के चक्कर में मंच पर भारी अव्यवस्था का माहौल रहा। कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री को इस कदर घेर लिया कि जनता को मंच पर बैठे मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं के दर्शन दूभर हो गए। खूब धक्कामुक्की हुई। कई बार पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
उद्घाटन मौके पर हुए बॉक्सिंग मैच
स्पोर्ट्स कॉलेज के उद्घाटन मौके पर कॉलेज की ओर से बॉक्सिंग के शो मैच कराए गए। कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य वीएस वल्दिया समेत तमाम खेल अधिकारी मौजूद थे।