पिथौरागढ़ स्टेडियम का निरीक्षण करते एसपीजी के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 फरवरी को पिथौरागढ़ दौरे को देखते हुए एसपीजी की टीम ने बृहस्पतिवार को यहां कई स्थानों का निरीक्षण किया। अभी प्रधानमंत्री की सभा के लिए स्थान का अंतिम फैसला नहीं हो पाया है, लेकिन एसपीजी के अधिकारियों ने स्पोर्ट्स स्टेडियम को ज्यादा बेहतर माना है। भाजपा नेता भी स्टेडियम में ही सभा कराने के पक्ष में हैं।
एसपीजी के दिल्ली से आए महानिरीक्षक एनपी गुप्ता, एएसपी प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने बृहस्पतिवार सुबह स्थानीय अधिकारियों के साथ सबसे पहले देवसिंह मैदान, स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। देवसिंह मैदान के चारों तरफ घनी आबादी, मकान, एक तरफ हाइवे होने के कारण एसपीजी के अधिकारी इस मैदान में सभा कराने के पक्ष में नहीं हैं। देवसिंह मैदान में एक मंच पहले से बना है, प्रधानमंत्री के लिए नया मंच तैयार करते समय पुराने मंच को तोड़ना पड़ेगा। स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिर्फ एक तरफ मकान हैं। बाकी हिस्सा खाली है।
स्टेडियम में सभा होने की स्थिति में हेलीकॉप्टर को जीआईसी मैदान पर उतारने की संभावना भी देखी गई, लेकिन इस मैदान के चारों तरफ पेड़ होने से हेलीकॉप्टर उतार पाना संभव नहीं होगा। अधिकारियों ने बाद में नैनीसैनी हवाईपट्टी का दौरा किया। हवाईपट्टी पर विमान और हेलीकॉप्टर को उतारने में कोई दिक्कत नहीं रहेगी। आईजी गुप्ता ने जिलाधिकारी डा. रंजीत सिन्हा और पुलिस अधीक्षक अजय जोशी से सारे मसलों, सुरक्षा प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों के साथ भ्रमण में एडीएम मोहम्मद नासिर, एसडीएम एसके पांडे, सीओ हिमांशु साह, एलआईयू निरीक्षक जितेंद्र उप्रेती आदि थे।
पीएम का दौरा तय होने से भाजपा में उत्साह
प्रधानमंत्री का दौरा तय होने से भाजपा में भारी उत्साह है। पार्टी कार्यकर्ता सभा को सफल बनाने के प्रयास करने लगे हैं। गांव-गांव तक यह संदेश पहुंचाया जा रहा है कि 12 फरवरी को प्रधानमंत्री का भाषण सुनने के लिए आएं।