टनकपुर-त्रिवेणी एक्सप्रेस के शुभारंभ मौके पर इंजन के पास खड़े होकर खुशी जताते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे ने भले ही सीमांत के लोगों को फिलहाल त्रिवेणी एक्सप्रेस का तोहफा दिया है, लेकिन इस सेवा की शुरूआत ने टनकपुर से दिल्ली, देहरादून आदि लंबी दूरी की यात्रा के लिए रेल सेवा की उम्मीद बढ़ा दी है। त्रिवेणी के साथ ही दिल्ली, देहरादून आदि स्थानों के लिए भी सीधी रेल सेवा की मांग उठनी शुरू हो गई है। रेल सेवा के विस्तार से क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी।
टनकपुर को बड़ी रेल लाइन से जोड़ने के बाद रेलवे ने गत वर्ष 21 फरवरी से टनकपुर-बरेली और टनकपुर पीलीभीत के बीच पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू किया तो लोगों में यह उम्मीद भी जगी थी कि देर सबेर जल्द ही यहां से तेज रफ्तार एक्सप्रेस रेल सेवा का भी संचालन शुरू होगा। लोगों की इस उम्मीद को रेल मंत्रालय ने बरेली से चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस को टनकपुर से दौड़ाकर पूरा कर दिया है। अब टनकपुर से हर दिन चार जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों के साथ ही एक एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन भी शुरू हो गया है।
इससे लाखों की संख्या में दूर-दराज से मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। हालांकि रेल मंत्रालय ने टनकपुर से दिल्ली के लिए भी एक्सप्रेस सेवा शुरू करने को हरी झंडी दे दी है, लेकिन उसे दौड़ाने में रेलवे को अभी वक्त लगेगा। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि लंबी दूरी की एक्सप्रेस रेल सेवा से टनकपुर क्षेत्र का विकास तेज होगा।
-पहले दिन टनकपुर से 90 यात्री हुए सवार
टनकपुर से दौड़ी त्रिवेणी एक्सप्रेस में पहले दिन करीब 90 यात्री सवार हुए। स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी का कहना है कि संचालन का पहला दिन होने से लंबे सफर के लिए यात्री कम सवार हुए, लेकिन धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।
त्रिवेणी में 30 से कम नहीं है किराया, 55 रुपये में बरेली पहुंचेंगे यात्री
त्रिवेणी एक्सप्रेस का न्यूनतम किराया तीस रुपये है। स्टेशन मास्टर डीएस दरियाल ने बताया कि त्रिवेणी एक्सप्रेस में टनकपुर से खटीमा और मझौला का किराया 30 रुपये, पीलीभीत का किराया 40 रुपये, भोजीपुरा का 50 रुपये है। जबकि इज्जतनगर, बरेली सिटी और बरेज जक्शन का किराया 55 रुपये निर्धारित है।
खटीमा में रुकेगी त्रिवेणी एक्सप्रेस
टनकपुर से शुरू त्रिवेणी एक्सप्रेस का अब खटीमा में स्टापेज होगा। इज्जतनगर रेल मंडल के एडीआरएम आशीष अग्रवाल ने बताया कि इस बावत रेलवे बोर्ड के निदेशक वेद प्रकाश द्वारा जारी आदेश पर त्रिवेणी एक्सप्रेस का खटीमा में स्टापेज बनवाया गया है।