पिथौरागढ़ में पालिका की बैठक में मौजूद अध्यक्ष और सभासद
- फोटो : अमर उजाला
नगर के सभी 15 वार्डों में सफाई की विशेष व्यवस्था के लिए सिटी सेनिटेशन प्लान लागू किया जाएगा। नौ दिसंबर को 14 सरकारी विभागों के साथ बैठक होगी। इसी बैठक में पूरी कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
मंगलवार को नगरपालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती की अध्यक्षता हुई बैठक में सभासदों से सिटी सेनिटेशन प्लान के बारे में सुझाव मांगे गए। नगर के किसी भी मोहल्ले में अब गंदगी नहीं दिखेगी। 14 विभागों की कोर कमेटी समय-समय पर इसका निरीक्षण भी करेगी। पालिकाध्यक्ष ने सिटी सेनिटेशन प्लान के बारे में बताया कि इससे हर हिस्से में बेहतर सफाई रहेगी और समय-समय पर कोर कमेटी के सदस्य उसकी समीक्षा भी करेंगे। ईओ खीमानंद जोशी ने प्लान की सारी रूपरेखा सामने रखते हुए कहा कि सरकारी विभागों के साथ मीटिंग के बाद देहरादून से एक स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधि यहां आएंगे। वह पूरी कार्ययोजना के बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि नगर में सफाई के संबंध में डाटाबेस भी तैयार किया जा रहा है। इसी डाटा से पता चलेगा कि नगर में सफाई की स्थिति कैसी है।
बैठक में सभासद गंगोत्री दताल, गीता बिष्ट, केदार सिंह लुंठी, चंद्रशेखर मखौलिया, ललित मोहन पुनेठा, चंद्रकला खन्ना, दिनेश सिंह सौन आदि मौजूद थे। पिछले दिनों डीएम ने नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी जताई थी और सीडीओ को सफाई व्यवस्था चेक करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया था।