पिथौरागढ़। जनपद में जनसमस्याओं के त्वरित एवं सरल समाधान के लिए मई के दूसरे सप्ताह से शुरू
हैलो हेल्प हेल्पलाइन नंबर की सुविधा शुरू होने जा रही है। डीएम आशीष भटगांई ने इस सुविधा को शुरू करने का निर्णय लिया है। इस पहल के शुरू होने के बाद जनपद के नागरिक घर बैठे ही विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित जानकारी ले सकेंगे और अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।
हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक तत्काल प्रेषित किया जाएगा जिससे उनके निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी आएगी। प्रशासन ने इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और मई माह के दूसरे सप्ताह से यह हेल्पलाइन सेवा संचालित हो जाएगी।
डीएम ने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी। अब उन्हें विभिन्न कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केवल एक कॉल के माध्यम से पेंशन, राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, विद्युत कनेक्शन सहित अन्य प्रशासनिक सेवाओं से संबंधित उनकी समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।
डीएम ने कहा कि यह पहल प्रशासन को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस हेल्पलाइन प्रणाली में शिकायतों की ट्रैकिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।