पिथौरागढ़। सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी में सोमवार को अंडर 14 और 19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की वॉलीबाल, मलखंभ और कबड्डी की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। केएनयू जीआईसी के खेल मैदान में कबड्डी की अंडर 14 बालक वर्ग प्रतियोगिता में डीडीहाट, गंगोलीहाट और सल्ट विधानसभा तथा अंडर 19 बालक वर्ग में डीडीहाट, सल्ट और चंपावत विधानसभा क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही।
पोल मलखंभ प्रतियोगिता के अंडर 14 बालक वर्ग में चंपावत, लोहाघाट और पिथौरागढ़, जबकि अंडर-19 वर्ग में लोहाघाट, धारचूला और पिथौरागढ़ विधानसभा क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही। रोप मलखंभ प्रतियोगिता के अंडर 14 बालिका वर्ग में अल्मोड़ा प्रथम और पिथौरागढ़ विधानसभा द्वितीय रही। अंडर 19 बालिका रोप मलखंभ प्रतियोगिता में लोहाघाट प्रथम, अल्मोड़ा द्वितीय व पिथौरागढ़ तृतीय स्थान पर रही।
वॉलीबाल प्रतियोगिता के अंडर 14 मुकाबले में रानीखेत, लोहाघाट व द्वाराहाट तथा अंडर 19 में रानीखेत, गंगोलीहाट और डीडीहाट विधानसभा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ जगदीश सिंह नेगी ने विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मैडल वितरित किए। प्रतियोगिताएं संपन्न कराने में रेखा चौहान, तारा खोलिया, सुशीला कापड़ी, कमल किशोर, चंद्र मोहन सिंह बिष्ट, जीवन खोलिया, अर्चित कुमार, इंद्रजीत सिंह सामंत, अजय कोहली, हरीश भट्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी दीपक भट्ट, गौरव चौहान, हेमा पांडे, गंगा आदि ने सहयोग किया।