विनायक गांव में नवीन कार्की की छत पर लगा सोलर पावर प्लांट
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार की सूर्योदय स्वरोजगार योजना के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है। मात्र 30 हजार रुपये में सोलर प्लांट लगाकर चार किलोवाट बिजली पैदा की जा सकती है। ग्राम पंचायत विनायक के बेस गांव निवासी नवनीत कार्की ने सोलर लाइट प्लांट लगाकर बिजली का उत्पादन शुरू कर दिया है। उरेडा के तकनीशियन खुद ही इस प्लांट को स्थापित करते हैं।
बताया गया कि चार किलोवाट के सोलर पावर प्लांट की असली लागत तीन लाख रुपये आती है, लेकिन प्रदेश सरकार प्लांट लगाने में 90 प्रतिशत तक सब्सिडी देती है। इसी कारण इसके प्रति आकर्षण भी बढ़ा है। सबसे खास बात यह है कि सोलर प्लांट से पैदा होने वाली बिजली को अपने लिए उपयोग करने के बाद यूपीसीएल को भी दिया जाता है। यूपीसीएल यूनिट के हिसाब से इस बिजली की कीमत प्लांट के मालिक को दे देती है। उरेडा के परियोजना अधिकारी अखिलेश शर्मा का कहना है कि योजना के प्रति लोगों में खासा आकर्षण है।
प्लांट लगाने वाले नवनीत कार्की ने बताया कि उरेडा ने इस प्लांट को लगाने के लिए मदद की। प्लांट लगाने के लिए कम से कम एक नाली जमीन या फिर इतनी ही जगह वाली छत की जरूरत होती है। नवनीत ने इसे अपने मकान की छत पर स्थापित कर दिया है। उनके प्लांट को देखकर अन्य लोग भी इसे लगाने का प्रयास करने लगे हैं।