पिथौरागढ़ में दूध की दुकानों में भी सोशल डिस्टेंस का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। लॉकडाउन के दौरान शनिवार को पिथौरागढ़ शहर में सुबह सात से दिन में एक बजे तक दुकानें खुली रहीं। बाजार में कम लोग ही खरीदारी के लिए पहुंचे। जरूरी सामान के साथ ही टायर पंचर, मोबाइल और टीवी रीचार्ज की दुकानें खुली रहने से लोगों को राहत मिल रही है।
शनिवार को कम ही लोग बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचे। सुबह के समय दूध और सब्जी की दुकानों में लोगों ने खरीदारी की। परचून की दुकानों से भी ग्राहकों ने रोजमर्रा की जरूरतों का सामन खरीदा। दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा है। पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाए हैं। वाहन चालकों के साथ ही पैदल आवागमन करने वालों से भी पूछताछ की जा रही है। जिले के कनालीछीना, डीडीहाट,अस्कोट, जौलजीबी, धारचूला, बलुवाकोट, मुनस्यारी, नाचनी, थल, मुवानी, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, राईआगर, झूलाघाट, वड्डा, जाख, नाकोट, पीपली, मातोली, छड़नदेव, ओगला, भागीचौरा, सिंगाली, बरम आदि कस्बों में भी कम ही लोग खरीदारी के लिए दुकानों में पहुंचे। सड़कों में अनावश्यक रूप से वाहनों का संचालन करने और बेवजह घरों से निकलने वालों पर पुलिस सख्त निगाह रख रही है।