भारत-तिब्बत अंतरराष्ट्रीय स्थल व्यापार
- फोटो : अमर उजाला
भारत-तिब्बत अंतरराष्ट्रीय स्थल व्यापार में हिस्सा लेने के इच्छुक 147 व्यापारियों ने परमिट हासिल करने के लिए आवेदन पत्र जमा कर दिया है। अभी आवेदनपत्र जमा करने की प्रक्रिया जारी है। मई के अंत तक कई और व्यापारी आवेदन पत्र जमा करेंगे। तहसील प्रशासन के पास इस समय 265 परमिट उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर कुछ परमिट और मंगाए जाएंगे। इस बार यह उम्मीद की जा रही है कि 300 व्यापारी तिब्बत की मंडी तकलाकोट जाएंगे।
भारत-तिब्बत व्यापार के नामित ट्रेड अधिकारी और एसडीएम आरके पांडे ने बताया कि व्यापारी इस बार परमिट प्राप्त करने के लिए काफी उत्साह दिखा रहे हैं। प्रशासन ने व्यापारियों की सुविधा को देखते हुए आवेदन पत्र जमा करने की प्रक्रिया समय पर शुरू की है। उन्होंने कहा कि इस बार करीब 300 व्यापारी तिब्बत की मंडी जा सकते हैं। आवेदन पत्र मिलने के बाद वाणिज्य मंत्रालय से परमिट और मंगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक जून के बाद कोई भी आवेदन पत्र जमा नहीं होगा। उसके बाद प्रशासन परमिट जारी करने का काम शुरू कर देगा।
इधर, व्यापार की प्रक्रिया शुरू होने से व्यापारी खुश हैं। इस बार उम्मीद है कि व्यापारियों का पहला जत्था जून के अंत तक तिब्बत की मंडी को रवाना होगा। उससे पहले भारतीय व्यापारिक मंडी गुंजी में कस्टम कार्यालय, स्टेट बैंक की अस्थायी शाखा खोल दी जाएगी। भारतीय व्यापारी लिपुलेख दर्रा पार कर तिब्बत की मंडी में प्रवेश करेंगे। भारत-तिब्बत अंतरराष्ट्रीय व्यापार की अवधि 30 सितंबर तक तय है, लेकिन खास परिस्थिति में इसे 31 अक्तूबर तक बढ़ा दिया जाता है। भारतीय व्यापारी अलग-अलग जत्थों में तिब्बत की मंडी के लिए रवाना होते हैं।