पिथौरागढ़/मुनस्यारी। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात के बाद ठंड बढ़ गई है। जिला मुख्यालय से लगी थलकेदार और ध्वज की पहाड़ियों में भी हिमपात हुआ। मुनस्यारी के कालामुनी और बेटुलीधार में बर्फबारी के बाद यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही।
मुनस्यारी बाजार में आधा इंच, मल्ला नया बस्ती में डेढ़ इंच, ईको पार्क मुनस्यारी और बेटुलीधार में पौन फुट, कालामुनी में साढ़े तीन इंच, खलियाटॉप में आधा फुट बर्फबारी हुई। बर्फबारी के बाद मुनस्यारी का अधिकतम तापमान दो डिग्री और न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। थल-मुनस्यारी सड़क में बेटुलीधार और ईको पार्क के पास बर्फबारी के बाद यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही।
थल से मुनस्यारी और मुनस्यारी से थल की ओर जा रहे वाहन बर्फ में फिसल रहे हैं। बर्फबारी के बाद कई वाहन थल-मुनस्यारी सड़क पर फंसे रहे। मुनस्यारी में दिन भर बिजली की आंख मिचौली से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बर्फबारी के बाद मुनस्यारी बाजार में सुनसानी रही। बंगापानी, गंगोलीहाट, डीडीहाट, बेड़ीनाग सहित कई हिस्सों में बारिश के बाद ठंड इजाफा हुआ। इधर, जिला मुख्यालय के प्रसिद्ध ध्वज मंदिर और थलकेदार मंदिर में बर्फबारी हुई। पिथौरागढ़ नगर में बारिश के बाद अधिकतम तापमान आठ डिग्री और न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश के बाद पिथौरागढ़ बाजार में पसरा रहा सन्नाटा
पिथौरागढ़/बनबसा/चंपावत। अचानक मौसम के करवट लेने से क्षेत्र में फिर से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बारिश के बाद पिथौरागढ़, चंपावत बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारी दिन भर ग्राहकों का इंतजार करते रहे। बारिश के बाद पिथौरागढ़ के रई पुल, पंडापुल, एचोली पुल के पास जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं टनकपुर एवं फागपुर तक शुक्रवार को वर्षा की फुहार पड़ी। शनिवार सुबह से ही मौसम में ठंड बढ़ गई। हल्की वर्षा की फुहारें पड़ने से मौसम काफी ठंडा हो गया, शीत लहर का भी प्रकोप रहा। चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र में शनिवार को न्यूनतम तापमान 13 एवं अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा।