पिथौरागढ़। बेड़ीनाग तहसील के मानीपुर (स्यूंतीगांव) में जंगली मशरूम खाने से दो परिवारों की तीन महिलाओं समेत नौ लोग बीमार हो गए। इनमें छह बच्चे हैं। एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
स्यूंती गांव के मानीपुर निवासी जगदीश प्रसाद और हीरा लाल के परिवार के लोग सोमवार दिन में जंगल से मशरूम लेकर आए थे। घर में मशरूम की सब्जी बनाई गई। मशरूम खाने के बाद ममता देवी (32), विमला देवी (35), ममता देवी (25), प्रियांशु (10), सूरज (6), लोकेश (3), दिया (10), रुचि (10), नीरज (5) उल्टियां करने लगे। परिजनों को मरूम के जहरीला होने का एहसास हुआ।
तत्काल सभी लोगों को बेड़ीनाग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 108 वाहन से बीमार लोगों को जिला अस्पताल लाया जा रहा है। शाम तक मशरूम खाने से बीमार लोग जिला अस्पताल नहीं पहुंचे थे। ममता देवी (25) की हालत अधिक खराब बताई जा रही है।
घटना शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। बता दें कि इस सीजन में पहाड़ के जंगलों में मशरूम बहुतायत में पाया जाता है। इसमें कुछ प्रजाति जहरीली भी होती है। पहचान न होने पर अक्सर इस तरह की स्थिति पैदा हो जाती है। कई बार तो मशरूम खाने से लोगों की मौत तक हुई है।