पिथौरागढ़ के सिमलगैर बाजार में अस्त व्यस्त खड़े वाहन
- फोटो : amar ujala
नगर के व्यस्ततम सिमलगैर बाजार की यातायात व्यवस्था फिर से खराब हो गई है। ड्यूटी में तैनात सिपाहियों के नदारद रहने से मंगलवार को बाजार में कई बार जाम लगा। बिना पास के बाजार में घुसे कई दोपहिया और चौपहिया वाहनों को बाजार में आड़े-तिरछे खड़ा कर दिया गया था।
भीड़भाड़ वाले सिमलगैर बाजार में बार-बार जाम लगने और दोपहिया वाहनों के ओवरस्पीड से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने व्यापारियों के साथ बैठक की थी। इसमें सुबह 9 से शाम 6 बजे तक दोपहिया और चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। साथ ही सिमलगैर बाजार के दुकान, भवन स्वामियों और कार्यालयों के कर्मचारियों को एक-एक वाहन का पास भी जारी किया गया। यह व्यवस्था 6 माह तक सही चली, परंतु ड्यूटी में तैनात कुछ सिपाहियों के समय पर न आने और अक्सर ड्यूटी से नदारद रहने से यह व्यवस्था अब बिगड़ने लगी है। मंगलवार को सुबह से ही ड्यूटी में तैनात सिपाहियों के गायब रहने के कारण नगरपालिका चौराहे से एसबीआई तक दर्जनों दोपहिया और चौपहिया वाहन आड़े-तिरछे खड़े हो गए, इससे वहां जाम लग गया। बाद में सिमलगैर के व्यापारियों के थाने में फोन करने पर पुलिस ने आकर बैरियर लगाकर ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित किया।
पुलिस अधीक्षक अजय जोशी ने सिमलगैर बाजार की यातायात व्यवस्था को सही करने के लिए सुबह 9 बजे बैरियर लगाने के साथ ही 1 एसआई, 1 कांस्टेबल और 1 होमगार्ड की ड्यूटी लगाने के आदेश दिए थे, लेकिन अब केवल एक कांस्टेबल की ही ड्यूटी लगाई जाती है। यही नहीं सिर्फ सिमलगैर बाजार के ही 122 लोगों के एक-एक वाहन को ही पुलिस उपाधीक्षक द्वारा पास जारी किए गए थे, लेकिन पास चेक न होने से कई लोग पुलिस को चकमा देकर सिमलगैर बाजार में आते रहते हैं और तेज गति से वाहन चलाते हैं। पुलिस उपाधीक्षक शेखर सुयाल ने बताया कि सिमलगैर की भीड़ को देखते हुए वहां पर तैनात सिपाहियों पर निगरानी केे लिए औचक निरीक्षण किया जाएगा। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।