फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: लापरवाही का सिग्नल... दो साल पहले टावर लगाकर चालू करना भूल गया सिस्टम

Thu, 20 Nov 2025 10:38 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
बंगापानी क्षेत्र में लगा बीएसएनएल का टावर दो साल से चालू नहीं हो पाया। संवाद
विज्ञापन
बंगापानी (पिथौरागढ़)। डिजिटल इंडिया के दौर में देश 6जी और उपग्रह संचार की बात कर रहा है लेकिन बंगापानी क्षेत्र की 25 हजार की आबादी कॉल करने के लिए भी तरस रही है। बीएसएनएल ने यहां दो साल पहले टावर तो खड़े कर दिए लेकिन उन्हें चालू करना भूल गया। सिस्टम की उदासीनता और लापरवाही से पूरे क्षेत्र में संचार व्यवस्था नहीं है।
विज्ञापन


बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं के संकट झेल रहे इस सीमांत क्षेत्र को संचार जैसी बुनियादी सुविधा भी नसीब नहीं हो पा रही। क्षेत्र में बीएसएनएल के टावर मवानी-दवानी, सिर्तोला, खड़तोली, मानीटुंडी समेत कई जगहों पर लगे हैं। दो साल में इनमें से एक भी टावर सक्रिय नहीं हुआ। दूसरी ओर प्राइवेट कंपनियों की आइडिया और एयरटेल की सेवाएं भी आए दिन खराब रहती हैं।
लोगों की न किसी से ठीक से बात हो पाती है और ना ही इंटरनेट ठीक चलता है। बैंक, सीएससी और ऑनलाइन कामों के लिए ग्रामीणों को बाजार तक दौड़ लगानी पड़ती है। बार-बार शिकायतों के बाद भी विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
विज्ञापन



बोले लोग

बिना संचार सेवा के डिजिटल इंडिया की कल्पना करना बेकार है। जहां बात ढंग से नहीं हो पा रही है तो इंटरनेट कैसे चलेगा। बीएसएनएल की लापरवाही कहें या सरकार की उदासीनता, दो साल से टावर लगे होने के बाद भी इन्हें चालू नहीं किया गया है। - उत्तम गोस्वामी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, बंगापानी


बेहतर संचार सुविधा के लिए बार-बार आवाज उठाई जा रही है। एक तरफ निजी कंपनियों की मनमानी है तो दूसरी ओर सरकारी उपक्रम अपने टावरों को चालू ही नहीं कर पा रहा है। लोग ऑनलाइन होने वाले अपने कार्यों को नहीं करा पा रहे हैं। - उमेश धामी, पूर्व प्रधान, मदरमा


शासन-प्रशासन को लंबे समय से समस्या से अवगत कराई जा रही है। लोग अनलिमिटेड कॉल का टैरिफ डालते हैं लेकिन बात ढंग से नहीं हो पाती। इस क्षेत्र की सुध लेने वाला कोई नहीं है।- नारायण सिंह टोलिया, पूर्व प्रधान बंगापानी

जगह-जगह दूरसंचार टावर तो लगा दिए गए हैं लेकिन सेवा जस की तस बनी हुई है। हर रोज लोग बंगापानी बाजार में दस्तावेज बनाने आते हैं और कई बार कार्य न हो पाने पर मायूस होकर लौटते हैं। - नंदर सिंह बथ्याल, पूर्व ग्राम प्रधान, सिर्तोला

खड़तोली और सिलिंग में लगा टावर जल्द संचालित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही दाखिम का टावर भी शुरू हो जाएगा। मवानी-दवानी में वी-सेट टावर है जिसे चालू करने में समय लगेगा। - दुष्यंत सिंह, जेटीओ, बीएसएनएल, मुनस्यारी
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें