पिथौरागढ़। सीमांत जिले में लंबे समय से बंद सड़कें ग्रामीणों की दिक्कत बढ़ाने लगीं हैं। हालात यह हैं कि बीमार ग्रामीणों का इलाज के लिए अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। ऐसा ही हुआ होकरा और नामिक के ग्रामीणों के साथ। अब तक सड़क न खुलने से बीमार अस्पताल नहीं पहुंच सके तो स्वास्थ्य विभाग ने होकरा पहुंचकर उन्हें राहत पहुंचाई।
स्वास्थ्य विभाग ने तेजम तहसील के दूरस्थ गांव होकरा पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर लगाया और 86 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवा बांटी। सीएमओ डॉ. जेएस चुफाल ने कहा कि सड़क बंद होने से ग्रामीण इलाज और जांच के लिए अस्पताल नहीं आ पा रहे थे। ऐसे में उनकी समस्या को देखते हुए टीम गांव भेजी गई। ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके शुगर, बीपी आदि की जांच की गई। टीम में चिकित्साधिकारी डॉ. नीतीश भट्ट, नर्सिंग ऑफिसर पवन रावत, एएनएम कमला शर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कुसुम बेलवाल आदि मौजूद रहे।