मदकोट के डोलमा गांव में गैस सिलेंडर लीक होने से लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
नारायणनगर बाजार में एक मकान में आग लगने से घर में रखा सामान जल गया। उस वक्त घर के सदस्य दूसरे कमरे में काम कर रहे थे। आग लगने का आभास होते ही परिवार के मुखिया पत्नी-बच्चों समेत घर से बाहर निकल आए। वहीं, मदकोट में दिन में एक घर में आग लगने से घर में रखा सामान नष्ट हो गया। हादसे के वक्त घर के सदस्य घर के बाहर थे। पड़ोसियों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बृहस्पतिवार करीब शाम 7 बजे नारायणनगर में देवेंद्र सिंह खोलिया के मकान में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। मकान में रह रहे उनके किराएदार बहादुर सिंह खोलिया ने बताया कि बगल के कमरे में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद कमरे से धुएं के साथ आग की लपटें निकलने लगी। देवेंद्र आनन-फानन में पूरे परिवार के साथ हल्ला करते हुए मकान से बाहर निकल आए। इससे पहले कि आग विकराल रूप लेती सामाजिक कार्यकर्ता भरत सिंह खोलिया ने सूझबूझ दिखाकर विद्युत सप्लाई का मेन स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने आग पर काबू पा लिया। देवेंद्र ने बताया कि घर में रखा फ्रिज, बिस्तर, कंबल, कपड़े, मोबाइल और बच्चों की किताबें जल गई। देवेंद्र ने बताया कि कुल 45000 रुपए का सामान आग में नष्ट हो गया है।
उधर, मदकोट के पास डोलमा गांव में राजू सौन के मकान में सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि उसकी प्रचंड गर्मी से लोग इधर-उधर भागने लगे। किसी तरह ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से घर का सारा सामान, राशन जलकर नष्ट हो गया। लोगों ने प्रशासन से इस गरीब परिवार को मदद देने की मांग की है।