चंपावत। जिले को खेल हब बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। ग्राम पुनेठी में शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट के निर्माण किया जाएगा। शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट बनने के बाद इन खेलों में भी खिलाड़ी अपना नाम राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
शूटिंग रेंज निर्माण का मामला लंबे से लंबित चल रहा था। पूर्व में लोहाघाट के छमनियां में शूटिंग रेंज का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। अब जिला प्रशासन ने कार्यवाही करते हुए राजस्व विभाग की 0.200 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग उत्तराखंड को हस्तांतरित कर दी है। अब निर्माण की प्रक्रिया आसान होगी। जिले में शूटिंग के खिलाड़ियों के लिए खेल की बारीकियां निखारना आसान होगा। वहीं इन दोनों खेलों के प्रति युवाओं का रुझान भी बढ़ेगा। डीएम मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषण के तहत शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इससे खेल सुविधाएं विकसित होने से जिले के युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे और भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।