फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: अध्यक्ष पद पर काबिज होने की उम्मीद लगा रहे उम्मीदवारों को झटका

Fri, 01 Aug 2025 11:37 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिला पंचायत की सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित की गई है। सीट आरक्षित होने से जहां अनुसूचित वर्ग के उम्मीदवारों को प्रतिनिधित्व का मौका मिलेगा वहीं अध्यक्ष पद पर काबिज होने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाकर जिला पंचायत सदस्य की सीट जीतने वाले प्रमुख उम्मीदवारों को गहरा झटका लगा है।
विज्ञापन

पिथौरागढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी महिलाओं के लिए आरक्षित होने पर मुख्य रूप से भाजपा से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल की बेटी दीपिका चुफाल और डीडीहाट की पूर्व पालिकाध्यक्ष कमला चुफाल को प्रमुख दावेदार माना जा रहा था। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा छाना पांडे सीट से चुनाव मैदान में उतरीं और पूर्व सैनिक ललित धानिक के साथ हुए कड़े मुकाबले में उन्होंने 384 मतों के अंतर से विजय हासिल की है। इससे पूर्व उन्होंने साल 2019 में बास्ते सीट से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता था। इस बार बास्ते की सीट आरक्षित होने से उन्होंने छाना पांडे सीट चुनीं थी। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने स्वयं को जिला पंचायत अध्यक्ष का दावेदार माना था।
भड़कटिया सीट से चुनाव जीतने वालीं दीपिका चुफाल लगातार छह बार जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचने वाले डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल की बेटी हैं। इस सीट पर उनका कड़ा मुकाबला पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर की समर्थित उम्मीदवार रेखा धामी के साथ था। कांटे के मुकाबले में दीपिका चुफाल 344 मतों से विजयी रहीं। जिला पंचायत की सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होने पर दीपिका चुफाल को भी अध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। इसके अलावा भाजपा की ओर से डीडीहाट की पूर्व पालिकाध्यक्ष और भड़गांव से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर आईं कमला चुफाल को भी जिला पंचायत अध्यक्ष का संभावित दावेदार माना जा रहा था। हालांकि कांग्रेस की ओर से किसी भी उम्मीदवारी की चर्चा नहीं थी। सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने से अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं।
विज्ञापन

इनसेट.........
सीट के आरक्षित होने के लगाए जा रहे थे कयास
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिला पंचायत सीट के महिला के लिए आरक्षित होने की उम्मीद थी। इस बीच कुछ राजनैतिक विश्लेषकों की ओर से अनुसूचित जाति के लिए भी पिथौरागढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के आरक्षित होने के कयास लगाए जा रहे थे। आखिरकार कयासबाजी सच साबित हुई। अब इस सीट को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दिया गया है। अभी आपत्तियां मांगी गई हैं और यदि आपत्तियों के आधार पर कोई फेरबदल नहीं होता है तो पांच साल बाद अनुसूचित जाति के उम्मीदवार को जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठने का अवसर मिलेगा। संवाद
इनसेट..........
किसके सिर पर सजेगा जिला पंचायत अध्यक्ष का ताज
पिथौरागढ़। 32 सीटों वाली पिथौरागढ़ जिला पंचायत में आठ सीटें एससी और एससी महिला वर्ग के लिए आरक्षित हैं। अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित मेरला सीट में विमला देवी निर्दलीय विजयी रही हैं। एससी महिला के लिए आरक्षित चिटगल से विजयी रहीं ममता चन्याल कांग्रेस समर्थित हैं। एससी सीट चहज से राहुल कुमार और एससी सीट ढनौलासेरा से राजेश कुमार आर्या निर्दलीय चुनाव जीते हैं। बास्ते एससी महिला के लिए सुरक्षित सीट से भावना लोहिया भाजपा अधिकृत जीती हैं। एससी सीट भट्यूड़ी से जीते जितेंद्र प्रसाद भी भाजपा के अधिकृत हैं। एससी महिला के लिए आरक्षित बाराकोट सीट से चुनाव जीतने वाली भावना देवी भी भाजपा अधिकृत उम्मीदवार हैं। एससी सीट दिगरा मुवानी से हेमंत प्रसाद निर्दलीय चुनाव जीते हैं। सीट के अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने से इस पर अनुसूचित जाति की महिला उम्मीदवार भी दावेदारी कर सकेंगी। अब देखना यह है कि जिला पंचायत अध्यक्ष ताज किसके सिर पर सजता है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें