नंदा महोत्सव में राधा-कृष्ण नाटिका पेश करते बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
यहां चल रहे नंदा महोत्सव में बुधवार को कलाकारों ने शिव तांडव, समुद्र मंथन, हिरन-चीतल, राधाकृष्ण की झांकी जैसे कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रदीप पाल ने कहा कि डीडीहाट के लोगों ने सांस्कृतिक चेतना की जो अलख जगाई है उसका बड़ा संदेश लोगों के बीच जा रहा है। विशिष्ट अतिथि अस्कोट पालवंश के कुंवर भानुराज पाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने की कोशिश जारी रहनी चाहिए।
बुधवार को शिशु मंदिर, मल्लिकार्जुन स्कूल, जीजीआईसी, जीआईसी, सीरा पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, मलयनाथ स्कूल, अभिलाषा एकेडमी, डायट के कलाकारों के अलावा कला दर्पण मंच पिथौरागढ़ की प्रस्तुति ने जमकर वाहवाही लूटी। नंदाष्टमी महोत्सव के कार्यक्रम नौ सितंबर तक जारी रहेंगे। उस दिन लोग नंदा मैया का पूजन करेंगे।
कार्यक्रमों को संपन्न कराने में महोत्सव समिति के अध्यक्ष डीएस पांगती, ओपी वर्मा, गणेश बोरा, दानू कन्याल, धाम सिंह टोलिया, राजेंद्र बोरा समेत अन्य लोग सहयोग दे रहे हैं। पहले डीडीहाट में नंदाष्टमी पर सिर्फ पूजन के कार्यक्रम होते थे, बाद में इसे महोत्सव का रूप दे दिया गया। चार दिन तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं।