चेतना यात्रा निकालते शिल्पी समाज के लोग
- फोटो : अमर उजाला
सीमांत शिल्पी विकास समिति की अंबेडकर चेतना यात्रा बुधवार को शास्त्री चौक से शुरू हो गई। शिल्पी समाज के लोगों को जागृत करने, उनको राजनैतिक दलों की कठपुतली होने से बचाने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। चेतना यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर हुई नुक्कड़ सभाओं में कहा गया कि शिल्पी समाज का उत्पीड़न अब किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा।
शिल्पी विकास समिति के वरिष्ठ सदस्य नाथू राम वर्मा ने अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा की शुरुआत की। समिति अध्यक्ष डा. दुर्गाप्रसाद ने आरोप लगाया कि शिल्पी समाज के लोगों का राजनैतिक दलों ने खूब शोषण किया है, लेकिन अब शिल्पी समाज के लोग जागृत हो रहे हैं। वह राजनैतिक दलों को करारा जवाब देने के लिए तैयार हैं।
मुनस्यारी से चलकर यात्रा मदकोट, बंगापानी, छोरीबगड़, बरम, जौलजीबी, बलुवाकोट होते हुए धारचूला तक जाएगी। यात्रा का समापन मुनस्यारी में ही होगा। यात्रा में प्रेम राम, कैलाश राम, दीवान राम, कृष्ण कुमार, नरेंद्र कुमार आदि शामिल थे। शिल्पी समाज के लोगों के साथ ही समाज के अन्य वर्गों के साथ भी यह लोग संपर्क कर रहे हैं।