स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) संगठन ने जनभावनाओं के अनुरूप राज्य की स्थायी राजधानी गैरसैंण में स्थापित करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत को ज्ञापन भेजा है।
एसएफआई जिलाध्यक्ष नवीन शर्मा, जिला सचिव इमरान अली, प्रदेश सचिव अमित कुमार, राकेश वर्मा, इनायत, सोनाली, विजय, गौरव, आशु, लक्ष्मी जोशी, किरन जोशी, मोहम्मद, सिकंदर, श्वेता आदि ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा है कि कई दशकों तक चले लंबे आंदोलन के बाद उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आया लेकिन राज्य गठन के 15 वर्ष बीत जाने पर भी स्थायी राजधानी नहीं बन सकी। राज्य आंदोलन के दौर और गठन के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों की ओर से पहाड़ी राज्य की राजधानी गैरसैंण में स्थापित करने की वकालत की जाती रही है लेकिन सरकार नेे हमेशा जन अपेक्षा की उपेक्षा की है। छात्र संगठन ने राज्य आंदोलन के शहीदों, राज्य आंदोलनकारियों, प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों की भावनाओं को देखते हुए राज्य की स्थायी राजधानी गैरसैंण में स्थापित करने के लिए उचित कार्यवाही करने की मांग की है।