चंपावत। जनपद के विद्युत विहीन ग्रामीण क्षेत्रों की किस्मत जल्द ही बदलने वाली है। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत जिले के 74 दूरस्थ तोक (बस्तियां) अब ग्रिड से जुड़कर बिजली से रोशन होंगे। ऊर्जा निगम करोड़ों की इस बड़ी योजना को चार चरणों में अमलीजामा पहनाने जा रहा है जिसके टेंडर भी जारी हो चुके हैं। इस ऐतिहासिक पहल से क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों का जीवन आसान होने की उम्मीद है।
चंपावत ब्लॉक के वनराजि गांव खिरद्वारी, कोटकेंद्री, तल्ली और मल्ली गंगीर, सल्ली, निगाली, तल्ली चौड़ी, खेतीगड़ा, अमाऊ, खिछल और बाराकोट ब्लॉक के रेगडू, गल्लागांव, टांडा, मायू, बस्तोली, खेतीखेरा, बंतोली, पुल्ला, ढकला, लिड्डू, वल्सो, कुटकुड़ी, खेती, खटयानी और पाटी ब्लॉक के सैनूड़ा, कौल, लधौन, मछियाड़ तल्ला, धूरा, कोटला, गुरखोली, चौड़ागांव, गड़साड़ी, डंडा मल्ला आदि को रोशन किया जाएगा।
लोहाघाट के बगेड़ी, खेरीकोटी, सुल्ला, धूनी, खैंकोट मल्ला, जिंडी, सिरतोला, ढकला, सिलिंग, जुजारी, वलचौड़ा, निडिल आदि तोकों को रोशन किया जाएगा। क्षेत्र के लोग लंबे समय से गांवों तक बिजली पहुंचाने की मांग कर रहे थे।
सीएम घोषणा के तहत चंपावत के चार ब्लॉकों के 74 तोकों तक 13.95 करोड़ की लागत से बिजली लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। चार चरणों में काम किया जाना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया कर दी गई है। जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। प्रथम चरण में 41 तोकों तक बिजली पहुंचाने का काम होगा।
-संजय भंडारी, एसडीओ, यूपीसीएल, चंपावत