पिथौरागढ़। जिले में विद्यार्थियों के लिए खतरा बने सात जर्जर प्राथमिक विद्यालयों के भवनों का नवनिर्माण होगा। विभाग को इसके लिए 3.693 करोड़ रुपये मिले हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जल्द भवनों का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को सुरक्षा मिलेगी।
प्राथमिक विद्यालय झूणी, मड़खड़ायत, रांथी बोरागांव, सिर्खा, मोडी, मेर्थी, धाराकौली के भवन लंबे समय से जर्जर हैं। दीवारों और छत पर पड़ी दरारों से इनके गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में विद्यार्थी जान जोखिम में डालकर पढ़ने के लिए मजबूर हैं। बच्चों की चिंता में अभिभावक लंबे समय से इन विद्यालयों का नवनिर्माण की मांग कर रहे हैं।
आखिरकार सिस्टम तक उनकी आवाज पहुंची और इन विद्यालयों के निर्माण के लिए विभाग को धनराशि मिल गई है। उम्मीद है कि जल्द ही इन भवनों का नवनिर्माण होगा और विद्यार्थियों को खतरे से मुक्ति मिलेगी।
उच्च प्राथमिक विद्यालय दिगतोली की होगी मरम्मत
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय दिगतोली का भवन बदहाल है। इसकी मरम्मत के लिए भी 14.19 लाख रुपये की धनराशि मिली है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही इस विद्यालय का कायाकल्प होगा।
कोट
- सात प्राथमिक विद्यालयों का नवनिर्माण होना है इसके लिए धनराशि मिली है। विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए विभाग गंभीर है। - तरुण कुमार पंत, सीईओ, पिथौरागढ़