ऐसी हो गई थल-मुनस्यारी रोड की हालत
- फोटो : अमर उजाला
थल-मुनस्यारी रोड पर नाचनी से आगे बृहस्पतिवार रात सड़क का एक हिस्सा बहकर रामगंगा में समा गया। इस कारण इस रोड पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरे 14 घंटे तक बंद करनी पड़ी। हालांकि, खतरा अब भी कम नहीं हुआ है। रामगंगा लगातार किनारे के हिस्से को काटती जा रही है। नाचनी से लेकर तेजम तक सात किलोमीटर के एरिया में नया डेंजर जोन बन गया है। फिलहाल अस्थायी रूप से सड़क पर वाहनों का संचालन हो रहा है, लेकिन बारिश को देखते हुए खतरा बना है।
बृहस्पतिवार शाम छह बजे जब सड़क का एक हिस्सा खिसककर रामगंगा में समाया, तब थाना प्रभारी महेश कांडपाल ने रात में इस रोड पर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद करा दी। शुक्रवार सुबह छह बजे से लोनिवि ने पोकलैंड लगाकर सड़क की मरम्मत का काम शुरू किया। सुबह आठ बजे अस्थायी रूप से वाहनों की आवाजाही लायक सड़क बना दी गई है। लोनिवि के ईई पीसी जोशी ने बताया कि नाचनी से तेजम तक का इलाका डेंजर जोन बन गया है। जब तक नदी का कटाव रोकने के लिए तटबंध का निर्माण नहीं होता, सड़क धंसने का क्रम नहीं रुक पाएगा।
जिला प्रशासन के साथ हुई लोनिवि की बैठक में कहा गया कि थल-मुनस्यारी रोड पर कई डेंजर जोन विकसित हो रहे हैं। नाचनी से तेजम तक और रातीगाड़ के पास सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। उधर, मुनस्यारी से जौलजीबी जाने वाली रोड से यातायात जारी है, इससे लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है।
24 घंटे में कहां कितनी बारिश
पिथौरागढ़-2.6 एमएम
गंगोलीहाट-4.0 एमएम
बेड़ीनाग-5.2 एमएम
डीडीहाट-1.5 एमएम
मुनस्यारी-2.00 एमएम
धारचूला-1.2 एमएम
अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट
पिथौरागढ़। जिला प्रशासन ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों से कहा है कि बारिश के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतें और खतरे वाले स्थानों पर नजर रखें। डीएम ने बताया कि शनिवार को भी बारिश का क्रम जारी रहेगा।