पिथौरागढ़। ऑल इंडिया सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी की बैठक में कोलकाता में महिला चिकित्सक और रुद्रपुर में नर्स की दुष्कर्म के बाद हत्या पर गहरा रोष जताया गया। सोसायटी के पदाधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकारों से दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठाई।
सोसायटी अध्यक्ष दयानंद भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर चिंता जताते हुए भारत सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की गई। सोसायटी के पदाधिकारियों ने 21 अगस्त को प्रस्तावित पौधरोपण अभियान पर भी चर्चा की। कहा कि पौधरोपण श्री रामकृष्ण मिशन सुकौली के परिसर में किया जाएगा। बैठक में महासचिव ललिता प्रसाद जोशी, डीएस भंडारी, केएस गड़िया, नरेंद्र बहादुर गुरुंग, पुष्कर दत्त जोशी, एमएस खाती, चंद्रशेखर भट्ट, विशन सिंह, जीबी उपाध्याय, रमेश सिंह बिष्ट, बहादुर सिंह धामी, हरी प्रसाद, हेमचंद्र जोशी, बुद्धिबल्लभ, लक्ष्मी दत्त तिवारी आदि उपस्थित थे। संवाद
................
मुस्लिम समाज के लोगों ने निकाला कैंडल मार्च
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के मुस्लिम समुदाय ने भी कोलकाता में जूनियर महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या पर नाराजगी जताई है। इस जघन्य अपराध के विरोध में समुदाय के लोगों ने जामा मस्जिद पिथौरागढ़ से पुराना बाजार, गांधी चौक, सिमलगैर, नगर पालिका होते हुए रामलीला मैदान तक कैंडल मार्च निकाला। इस जघन्य हत्याकांड के दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की गई। डॉ. सलीम ने कहा कि इस खौफनाक जघन्य जुर्म की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा देकर पीड़िता और उनके परिवार जनों को न्याय दिया जाना चाहिए। संवाद
फोटो: 20 पीटीएच 11पी- कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई घटना के विरोध में पिथौरागढ़ में कैंडल मार्च निकालते मुस्लिम समाज के लोग। संवाद
..............