कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का स्वागत करते कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने थल के लोगों से कहा कि नगर पंचायत के गठन के लिए प्रस्ताव भेजें। सरकार इसे मंजूरी दे देगी। शुक्रवार की सुबह बागेश्वर जाते समय कुछ देर के लिए थल में रुके कौशिक का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इससे पहले बृहस्पतिवार की रात पिथौरागढ़ लोनिवि विश्रामगृह में जिला विकास प्राधिकरण की बैठक में मंत्री ने ऐलान किया कि देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल को छोड़कर सभी नौ पर्वतीय जिलों में प्राधिकरण के निर्धारित शुल्क कम किए जाएंगे। इससे लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी।
थल में कार्यकर्ताओं ने मंत्री के सामने नगर पंचायत गठन की मांग रखी। मंत्री ने कहा कि आसपास के गांवों के लोग और व्यापार संघ मिलकर एक प्रस्ताव तैयार करें तथा शासन को भेजें। सरकार इस पर शीघ्र कार्रवाई करेगी और थल को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाएगा। भाजपा नेता शमशेर सत्याल, ललित नेगी, देवराज सत्याल, कमल कन्याल, सुनील सत्याल, रितुराज, कुंदन सिंह, गोविंद मेहता आदि ने पहली बार थल पहुंचे मंत्री का स्वागत किया।
जिला मुख्यालय में हुई बैठक में मंत्री ने कहा कि प्राधिकरण का गठन विकास और जनता के हितों को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने जिले की पांचों निकायों में सफाई, कूड़ा प्रबंधन, खुले में शौच की प्रथा आदि की समीक्षा की। बैठक में डीएम सी रविशंकर ने जिले में संचालित विकास कार्यों, जिला योजना, राज्य योजना की प्रगति की जानकारी दी। डीएम ने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम में जिला प्रथम स्थान पर है। बैठक में एडीएम मोहम्मद नासिर, एसडीएम एसके पांडे, वैभव गुप्ता, विवेक प्रकाश, डीडीओ गोपाल गिरी, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया समेत सभी निकायों के अधिकारी मौजूद थे।