थल-लेजम सड़क पर कमद के पास चट्टान से हो रहा अवैध खनन
- फोटो : अमर उजाला
थल-लेजम मार्ग पर कमद के पास एक चट्टान से अवैध तरीके से पत्थरों और रोड़ी निकालने का काम लगातार हो रहा है। इससे यह चट्टान खोखली हो गई है और यह किसी भी समय धंस सकती है। इस चट्टान के ठीक ऊपरी हिस्से पर कमद गांव है। पिछले चार साल से लगातार हो रहे इस अवैध धंधे को रोकने के लिए अब तक लोक निर्माण विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया है। यदि यह चट्टान धंसती है तो लोनिवि की सड़क को ज्यादा नुकसान पहुंचेगा।
वन पंचायत कमद की ओर से अवैध खनन को रोकने के लिए राजस्व विभाग को पत्र भी दिया गया था, लेकिन विभाग ने इस पत्र का कोई संज्ञान नहीं लिया। अभी लगातार हो रहे खनन से लोग आशंकित हैं। उनका कहना है कि चट्टान की जड़ खोखली हो गई है और वह किसी भी समय धंस सकती है। बताया गया कि खनन का यह काम खुलेआम किया जाता है और गाड़ियों में भरकर खनन सामग्री थल बाजार में बेची जाती है।
गांव के लोगों ने इस मामले की जानकारी पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी सी रविशंकर को भी दी है। उधर, तहसीलदार रघुवीर सिंह का कहना है कि अब राजस्व विभाग की टीम छापेमारी करेगी और जो भी व्यक्ति खनन करते पकड़ा जाएगा उसके खिलाफ खनन एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।