नगर पंचायत का कामकाज शुरू करने की मांग को लेकर सोमवार को सरकारी कार्यालय और स्कूल बंद करा दिए। व्यापार संघ के आह्वान पर यह आंदोलन किया गया।
बाद में लोगों ने शहीद स्मारक के सामने धरना दिया। धरना कार्यक्रम अब लगातार जारी रखने का ऐलान किया गया है। व्यापार संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि दो दिन में नगर पंचायत का कामकाज शुरू नहीं होता है तो बाजार बंद और चक्काजाम जैसा कदम उठाएंगे।
बेड़ीनाग नगर पंचायत के गठन की अधिसूचना 18 माह पहले जारी हो गई थी। नगर पंचायत का सीमांकन भी कर दिया गया है, लेकिन अब तक कामकाज शुरू न होने से लोग भारी दिक्कत में हैं। अब बेड़ीनाग न तो ग्राम पंचायत के अधीन है और न नगर पंचायत का ही काम शुरू हो पाया है।
व्यापार संघ अध्यक्ष इंद्र सिंह धानिक ने कहा कि सरकार को दो दिन का समय दिया जा रहा है। उसके बाद आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष महेश पंत ने कहा कि नगर पंचायत का गठन न होने से लोगों के प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। इस कारण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
इससे पहले आंदोलनकारियों ने नगर क्षेत्र के सभी सरकारी कार्यालयों, तहसील कार्यालय, ब्लाक कार्यालय के साथ सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद करा दिए। लोनिवि, तहसील और ब्लाक कार्यालय में हालांकि कुछ देर बाद कामकाज होने लगा था।
धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जनता को आंदोलित करने के लिए सरकार जिम्मेदार है। लोगों ने कहा कि जब कोई काम पूरा नहीं किया जाता तो उसकी घोषणा नहीं करना चाहिए।
इससे कम से कम जनता दुविधा में तो नहीं रहेगी। इस मौके पर भाजयुमो के मनीष पंत, होशियार सिंह मियान, इंद्र सिंह, राजकमल धानिक, नरेश बाफिला, कपिल पंत, किशन पंत, दान सिंह खाती, पुष्कर कुमार, हरीश चुफाल आदि ने विचार रखे।