पिथौरागढ़। शिक्षा के मंदिर को दो शिक्षकों ने अखाड़ा बना दिया। नगर के एक स्कूल में दो शिक्षक आपस में भिड़ गए। दोनों में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस में जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, नगर के अशासकीय स्कूल मिशन इंटर कॉलेज में तैनात दो शिक्षकों पूर्व पालिकाध्यक्ष और भाजपा नेता जगत सिंह खाती और उमेश तिवारी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी आगे बढ़ी कि दोनों शिक्षक आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। अन्य शिक्षकों ने बमुश्किल मामले को शांत किया। शांति और शिक्षा का पाठ पढ़ाने वाले जिम्मेदारों की इस कार्यशैली को देख कर विद्यार्थी भी हैरान रह गए। दोनों ने एक-दूसरे पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी।
कोतवाल ललित मोहन तिवारी ने कहा कि दोनों पक्षों की तरफ से मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर मिली है। वहीं सीओ केएस रावत ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। इसके बाद ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि एक आरोपी जगत सिंह खाती पिथौरागढ़ पालिका के अध्यक्ष रह चुके हैं। कुछ दिन पूर्व ही वह कांग्रेस का हाथ छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए हैं। दूसरे शिक्षक का राजनीति से कोई रिश्ता नहीं है।