चंपावत। सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से जनपद में पहली बार महिलाओं के लिए विशेष ‘सावन उत्सव-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। फाउंडेशन के अनुसार, नौ अगस्त को जीजीआईसी सभागार चंपावत में सुबह 10 बजे से उत्सव आयोजित किया जाएगा। वहीं, 11 अगस्त को मिलन वाटिका टनकपुर में कार्यक्रम होगा।
उत्सव में महिलाओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य, सावन गीत, झूला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक परिधान और विभिन्न प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन स्थल को सावन की हरियाली और पारंपरिक थीम के अनुरूप सजाया जा रहा है। फाउंडेशन का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति का सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। आयोजकों ने जिले की महिलाओं से उत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है।