कैलास मानसरोवर की यात्रा पर जा रहे अंतिम और 18वें दल के सदस्यों ने शुक्रवार सुबह धारचूला से गाला रवाना होने से पहले हिमालय बचाओ अभियान के शपथपत्र भरे। यात्रियों ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में किसी प्रकार का प्रदूषण नहीं फैलाएंगे और यदि कहीं पर कचरा आदि मिला तो उसे साफ करेंगे। कुमाऊं मंडल विकास निगम के कर्मचारी दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों से यह शपथपत्र भराए।
इस बीच कैलास यात्रियों के 16वें दल में शामिल गुजरात की 45 वर्षीय श्रीतिका दयाराम नाभीढांग से वापस लौट आई हैं। उनको यात्रा पूरी कर लौट रहे 14वें दल के यात्रियों के साथ वापस लाया जा रहा है। आईटीबीपी सातवीं वाहिनी के सेनानी केदार सिंह रावत ने बताया कि 14वें दल के सदस्य शुक्रवार को धारचूला पहुंच गए। 15वां दल तिब्बत के कुजू में और 16वां दल दार्चिन में है। 17वें दल के यात्रियों का गुंजी में मेडिकल परीक्षण हुआ। सभी यात्री फिट पाए गए। 18वें दल के सदस्यों ने धारचूला से गाला तक का सफर पूरा किया। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में इन दिनों मौसम सामान्य बना हुआ है।