पिथौरागढ़ में जनमुद्दों को लेकर सत्याग्रह कर रहे विभिन्न संगठनों के लोग
- फोटो : अमर उजाला
जनता से जुड़े कई मुद्दों को लेकर यहां गांधी चौक पर तीन दिनी सत्याग्रह शुरू हो गया है। शुक्रवार से शुरू हुए इस आंदोलन में पहले दिन 100 से ज्यादा लोगों ने मौनव्रत रखा और एक हजार से ज्यादा लोग समर्थन के लिए पहुंचे। शुक्रवार की रात भी धरना जारी रहा। धरना स्थल पर भजन कीर्तन हुए। युवा समाजसेवी मनोज कुमार जोशी के आह्वान पर शुरू हुए इस आंदोलन में वरिष्ठ नागरिक समिति, व्यापार संघ, सीमांत यूथ मोर्चा, भाकपा माले समेत अन्य सामाजिक संगठनों के लोग हिस्सा ले रहे हैं।
आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में रसोईगैस की होम डिलीवरी करने, अक्सर खाली रहने वाले एटीएम में पर्याप्त पैसा डालने, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने, बेस अस्पताल की जल्दी स्थापना करने, एयर एंबुलेंस सेवा शुरू करने आदि शामिल हैं। कहा गया कि सीमांत की जनता के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और उसे सरकारी स्तर पर जो सुविधाएं मिलनी चाहिए, उससे जानबूझकर वंचित किया जा रहा है।
ठीक गणतंत्र दिवस से शुरू हुए सत्याग्रह के माध्यम से सरकार का ध्यान इस सीमांत जिले की तरफ आकृष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलता रहे। आयोजक मनोज कुमार जोशी ने कहा कि यह मुद्दे ऐसे हैं, जिनका हर किसी से वास्ता पड़ता है। इसीलिए आंदोलन में लोगों की व्यापक भागीदारी हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता की इस सामूहिक आवाज को सरकार के कानों तक पहुंचाने के लिए ही यह आंदोलन करना पड़ा है।
शनिवार को धरनास्थल पर सभा हुई। इसमें व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर, छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र रावत, जगदीश पुनेड़ा, देवकीनंदन जोशी, श्रीधर जोशी, गोविंद कफलिया, सुशील खत्री, चंद्रप्रकाश पुनेड़ा आदि लोग उपस्थित थे। सत्याग्रह रविवार को भी जारी रहेगा।